पिकअप की चपेट में आकर मासूम की मौत
दादा के साथ बाइक से जा रही थी भावलखेड़ा नानी के घर
दियूरिया मोड़ के पास सुबह हुई घटना, दादा भी हो गए चोटिल
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/ रोजा। मोहम्मदी मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह दियूरिया मोड़ के पास पिकअप की चपेट में आकर तीन वर्ष की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके दादा चोटिल हो गए। उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोजा पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को भी हिरासत में ले लिया है।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव जमुका निवासी रेलवे में गार्ड के पद पर तैनात शिवजी प्रसाद बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे अपनी तीन वर्षीय पौत्री प्रांसी पुत्री अखिलेश कश्यप को बाइक पर बैठाकर भावलखेड़ा स्थित प्रांसी की ननिहाल जा रहे थे। बाइक लेकर जैसे ही वह दियूरिया गांव की मोड़ के पास पहुंचे, तभी बाइक के सामने अचानक पत्थर आ गया उसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक से छिटक कर प्रांसी सड़क की तरफ जा गिरी और शिवप्रसाद दूसरी तरफ। इतने में पीछे से गैस सिलिंडर लेकर आई पिकअप की चपेट में बच्ची आ गई और गंभीर रूप से घायल होने पर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। सूूचना मिलते ही रोजा पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे में घायल हुए शिवप्रसाद को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से मृतका की मां प्रतिभा का रो-रोकर बुरा है। मृतका माता-पिता की इकलौती संतान थी।