ट्रैक मेंटीनेंस के दौरान निकले ब्लैक कोबरा, रेल कर्मियों में हड़कंप
गेट नंबर 316 के पास काम कर रहा था गैंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। रेल ट्रैक मेंटीनेंस के दौरान ब्लैक कोबरा सांप दिखने से रेल कर्मियों में हड़कंप मच गया। काम कर रहे कर्मचारी काम छोड़कर भाग खड़े हुए। काफी देर तक मेंटीनेंस का काम ठप रहा। बाद में कोबरा यहां से चले गए तो काम शुरू हो सका। दो दिन पहले ही रेलवे के एक गेट मैन की सर्पदंश से मौत भी हो चुकी है। इससे रेल कर्मी डरे हुए हैं।
रोजा में मंगल और बुधवार को गेट नंबर 316 के पास ब्लॉक लेकर स्पीपर बदलने का काम किया गया था। बृहस्पतिवार को यहां ट्रैक मेंटीनेंस का काम चल रहा था। रेलवे का गैंग काम कर रहा था। इसी दौरान पटरी के नीचे से कई ब्लैक कोबरा सांप बाहर निकल आए। इससे गैंग में हड़कंप मच गया। गैंग काम छोड़कर भाग खड़ा हुआ। ये ब्लैक कोबरा काफी देर तक यहां रहे। इस दौरान काम ठप रहा। करीब एक घंटे के बाद कोबरा फिर से पटरियों के नीचे पत्थरों में छिप गए। इसके बाद काम शुरू हो सका। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ अरुण कुमार सक्सेना ने गैंग को सावधानी के साथ काम करने के लिए कहा है। गैंग के कर्मचारियों की मानें तो एक दो ब्लैक कोबरा तो अक्सर दिख जाते हैं लेकिन एक साथ कई ब्लैक कोबरा उन्होंने पहली बार देखे हैं।