.... और जब जाम में फंसे पुलिस कप्तान
राजीव चौक पर आए दिन लगता है जाम, पुलिस नहीं देती ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। नगर में राजीव चौक पर आए दिन लगने वाले जाम की शिकायत करने के बाद भी पुलिस के ध्यान नहीं देती है, लेकिन मंगलवार रात आठ बजे एसपी जाम में फंसे तो पुलिस में खलबली मच गई।
नगर के राजीव चौक पर डग्गामार वाहन चालक रोड पर ही वाहन खड़े किए रहते हैं। ठेले खोमचे वाले भी रोड पर ही खड़े होते हैं, जिससे अक्सर जाम लग जाता है। जाम में स्कूल वाहन, एंबुलेंस आदि फंस जाने से भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। यहां तैनात पुलिसकर्मी जाम लग जाने के बाद ही सक्रिय होते हैं।
मंगलवार रात आठ बजे एसपी डॉ. एस चिनप्पा अचानक पुवायां आ पहुंचे। राजीव चौक पर लगे जाम में उनका वाहन भी फंस गया। रात आठ बजे तक पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहना चाहिए, उस समय चौराहे से सिपाही और होमगार्ड नदारद थे। कप्तान का वाहन जाम में फंसते ही उनके साथ चल रहे जवानों ने उतरकर वाहनों को हटवाकर एसपी की गाड़ी को पास कराया। एसपी खुटार की ओर चले गए। एसपी के निकलने की जानकारी कोतवाली पहुंची तो खलबली मच गई। एसएसआई विनोद यादव कई सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और चौराहे के आसपास खड़े वाहनों को हटवाया।