मूल्यांकन का बहिष्कार करेंगे वित्तविहीन शिक्षक
सीएम को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को दिया
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
माध्यमिक शिक्षक वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इस संबंध में सोमवार को महासभा ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को दिया।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय अकारण बंद किए जाने, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण नहीं करने, मूल्यांकन दर में बढ़ोत्तरी नहीं करने,कई वर्षों के बकाया मूल्यांकन पारिश्रमिक का भुगतान नहीं करने के विरोध में वित्तविहीन शिक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। मानदेय मिलने तक यह बहिष्कार जारी रहेगा। महासचिव अभिषेक पांडेय ने कहा कि चारों मूल्यांकन केंद्रों पर 500-500 शिक्षक सुबह से ही उपस्थित रहेंगे और केंद्रों की तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जोर-जबरदस्ती करेगा तो जिले के वित्तविहीन शिक्षक जेल भरो आंदोलन शुरू कर देंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश महासचिव राजेश आनंद, प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह आदि शिक्षक शामिल रहे।