शाहजहांपुर। अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद विकास खंड कांट की ग्राम पंचायत टांडा पर्वतपुर में कोटा चयन को अनुमोदन नहीं दिए जाने पर भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पंचायत करके तीखे तेवर अपनाए तो प्रशासन बैकफुट पर आ गया। भाकियू के पदाधिकारियों को डीएम आवास पर कूच करने की तैयारी करते देख एसडीएम सदर रामजी मिश्रा ने उनके बीच जाकर कोटा चयन कर अनुमोदन कर दिए जाने की घोषणा की।
गत दिसंबर माह में टांडा पर्वतपुर के उचित दर विक्रेेता की आकस्मिक मौत के बाद गांव के पात्र गृहस्थी परिवारों के कार्डधारकों में राशन वितरण कार्य ठप हो गया था। इस संबंध में ग्राम प्रधान समेत वहां के ग्रामीणों के अनुरोध को ध्यान में रखते एसडीएम सदर ने खुली बैठक में नए कोटेदार का चयन करने के निर्देश दिए थे। एसडीएम के निर्देश पर एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारी ने ग्राम प्रधान की उपस्थिति में गत 11 दिसंबर को ग्राम पंचायत की खुली बैठक कराई। कांट और मदनापुर के थाना प्रभारियों ने मय फोर्स के मौजूद रहकर बैठक में विधिक प्रक्रिया पूरी कराई।
इस बैठक में बिना किसी विवाद के कोटेदार के रूप में राजेश कुमार पुत्र नत्थूलाल का चयन भी किया गया, लेकिन उन्हें प्रशासन की ओर से कोटा प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने से नए कोटेदार को आवश्यक वस्तुओं का आवंटन नहीं हो सका। इस संबंध में गत 11 जनवरी को भाकियू पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मुख्यालय पर आकर डीएम के नाम ज्ञापन दिया, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ हासिल नहीं हुआ। इसी के विरोध में यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में पंचायत कर प्रदर्शन की रूपरेखा तय की।
पंचायत के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट जा पहुंचे और वहां डेरा डाल दिया। महासचिव राशिराम वर्मा ने कहा कि अपरान्ह तीन बजे तक किसी सक्षम अधिकारी द्वारा उचित कार्यवाही नहीं होने पर कार्यकर्ता डीएम आवास की ओर कूच कर देंगे। उनकी यह चेतावनी रंग ले आई और कुछ देर बाद ही वहां पहुंचे एसडीएम ने कोटा चयन की प्रक्र्रिया अनुमोदित कर दिए जाने की जानकारी देकर कार्यकर्ताओं को संतुष्ट किया। एसडीएम का कहना था कि अन्य जरूरी कार्यों में प्रशासनिक व्यस्तता के कारण कोटा अनुमोदन में कुछ देरी हुई। पंचायत मेें अमित गुप्ता, कमल किशोर शर्मा, सरला देवी, मनसुख, डॉ. जगमोहन, राजेश शर्मा, मुनेंद्र सिंह, सुखलाल आदि मौजूद रहे।