फोटो-21,तिलहर के पूर्वी तिराहे हाईवे पर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बिजनौर के भाजपा विधायक की कार
हाईवे पर सांसद की कार से विधायक की गाड़ी टकराई, क्षतिग्रस्त
कोहरे के कारण हुआ हादसा..
लखनऊ से लौट रहे थे मुरादाबाद के सांसद और बिजनौर विधायक विधायक की गाड़ी का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त, कोई हताहत नहीं
सांसद व विधायक ने आपसी मामला बताकर घटना से पल्ला झाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर।
बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे हाईवे पर लखनऊ से मुरादाबाद जा रहे भाजपा सांसद की स्कार्पियों को पीछे से आ रही बिजनौर के भाजपा विधायक की गाड़ी ने टक्कर मार दी। जिससे विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। बाद में सांसद व विधायक ने गाड़ी से उतरकर चालक को गाड़ी तेज नहीं चलाने की नसीहत दी। सांसद विधायक को अपनी गाड़ी में बैठा कर चले गए। बाद में क्षतिग्रस्त गाड़ी को लेकर चालक गंतव्य को प्रस्थान कर गया। घटना को लेकर हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही।
लखनऊ से मुरादाबाद के भाजपा सांसद अपनी स्कार्पियो से वापस मुरादाबाद जा रहे थे। उनकी गाड़ी के पीछे कुछ दूरी पर बिजनौर के भाजपा विधायक अपनी कार से लखनऊ से बिजनौर जा रहे थे। दोनों गाड़ियां आगे पीछे कुछ ही दूरी पर स्पीड से आ रही थी। तिलहर के पूर्वी तिराहे के मोड़ पर आगे चल रही भाजपा सांसद की गाड़ी ने कोहरे के कारण अचानक ब्रेक ले लिया लेकिन पीछे से आ रही विधायक की गाड़ी का कार चालक अचानक ब्रेक नहीं ले सका। परिणाम स्वरूप विधायक की गाड़ी सांसद की स्कार्पियो से टकरा गई। इस घटना में विधायक की गाड़ी का अगला हिस्सा और सांसद की गाड़ी का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सांसद व विधायक के गाड़ी में टक्कर होते ही अफरातफरी मच गई। दोनों गाड़ियों में बैठे लोग नीचे उतर आए। सांसद और विधायक ने गाड़ी के ड्राइवर को कंट्रोल में गाड़ी चलाने की नसीहत देते हुए आपसी मामला बताकर घटना से पल्ला झाड़ लिया। बाद में सांसद विधायक को अपनी गाड़ी में बैठा कर चले गए। विधायक की गाड़ी का चालक गाड़ी को लेकर पीछे से बिजनौर को चला गया।