जैतीपुर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव रमपुरिया न्यूरिया के पास गुरुवार देर शाम नील गाय को बचाने के चक्कर में सूखी नहर में ट्रैक्टर पलट गया। इससे ट्रैक्टर चला रहे किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी 55 वर्षीय बाबूराम गुरुवार शाम को ट्रैक्टर से जुताई करने गए थे। देर शाम को वह गांव के उत्तर सूखी पड़ी नहर पटरी से वापस हो रहे थे। अचानक ट्रैक्टर के आगे नीलगाय आ गई, उसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर नहर में पलट गया। उधर से निकल रहे बच्चों ने गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी दी। परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। जैसे-तैसे ट्रैक्टर को उठाकर बाबूराम को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकीं थीं, फिर भी परिवार वाले तसल्ली के लिए उन्हें लेकर तिलहर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार मेें कोहराम मच गया। मृतक के बेटे राजेश, दिनेश, बेटी पिंकी रिंकी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी मुन्नी देवी को लोग समझाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। थानाध्यक्ष इंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।