शाहजहांपुर। सब कुछ ठीक रहा तो जिले को 33 केवी क्षमता वाले सात नए पॉवर स्टेशनों का तोहफा जल्द मिल जाएगा। बंडा क्षेत्र के नानकपुरी और ढका घनश्याम में बिजनेस प्लान के तहत सब स्टेशन पहले से निर्माणाधीन हैं। कांट में आईपीडीएस और सिंधौली के मुड़िया पवार में दीनदयाल योजना के तहत सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस बीच, शहर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास 33 केवी सब स्टेशन बनना तय हो गया है, जबकि कटरा और खुदागंज में भूमि चयन का काम अंतिम चरण में है।
वर्तमान में जिले का बिजली नेटवर्क 33 केवी क्षमता वाले 34 सब स्टेशनों पर टिका है। शहरी क्षेत्र में लगभग 65 हजार उपभोक्ताओं के परिसरों तक बिजली पहुंचाने के लिए वितरण खंड द्वितीय में सात उप केंद्र हैं। इसी तरह देहात क्षेत्र के वितरण खंड प्रथम में पुवायां व सदर तहसील के 14 और तिलहर डिवीजन में शामिल जलालाबाद और तिलहर तहसील के 14 उपकेंद्र हैं।
कई सब स्टेशन हाल के कुछ वर्षों में बनकर तैयार हुए हैं, लेकिन समय बीतने के साथ कनेक्शनों की संख्या बढ़ने से कई सब स्टेशनों पर ओवरलोेडिंग से लाइनों में ट्रिपिंग की समस्या गहराने लगी। इसे देखते विभिन्न योजनाओं से न सिर्फ नई लाइनें बिछाने का काम शुरू हुुआ। नए सब स्टेशन भी स्वीकृत किए गए। इनमें से कई सब स्टेशनों का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
132 केवी स्टेशन से जुड़ेंगे बंडा के दो उपकेंद्र
बंडा में पहले से स्थापित 33 केवी सब स्टेशन पर बिजली लोेड ज्यादा होने से वहां के पांच एमवीए वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई। इसके बावजूद सप्लाई में अपेक्षित सुधार नहीं हुुआ, जबकि नए कनेक्शनों की मांग ज्यादा है। एक्सईएन अंशुमान यादव के अनुसार इसे देखते क्षेत्र के गांव नानकपुरी और ढका घनश्याम में बिजनेस प्लान से उप केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि बंडा में चालू हुए 132 केवी ट्रांसमिशन स्टेशन से 33 केवी लाइन डालकर इन दोनों दोनों सब स्टेशनों को बिजली दी जाएगी।
आईपीडीएस स्कीम से कांट क्षेत्र होगा रोशन
कांट कसबे को एक दशक पहले तक शहर के तत्कालीन जलालाबाद फीडर से बिजली सप्लाई दी जा रही थी। शहरी क्षेत्र के वितरण खंड द्वितीय से जलालाबाद को प्रथक किए जाने पर कांट को जमौर सब स्टेशन से जोड़ा गया, लेकिन इससे औद्योगिक क्षेत्र की बिजली सप्लाई प्रभावित होने लगी। इसलिए कांट में इंटीग्रेटेड पॉवर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) के तहत 33 केवी के नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
दीनदयाल योजना से मुड़िया पवार में होगा उजाला
विकास खंड सिंधौली के इस गांव में विद्युतीकरण अरसा पहले हुआ, लेकिन बिजली को ग्रामीण तरसते रहे। पॉवर नेटवर्क की खराबियों के चलते किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए जरूरत के मुताबिक बिजली नहीं मिल पाई। क्षेत्र के ग्रामीणों की यह समस्या दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना से से 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण पूरा होने पर अतीत की बात हो जाएगी।
सर्किल ऑफिस के पास बनेगा नया उपकेंद्र
शहरी क्षेत्र में ककरा और अब्दुल्लागंज के बीच घनी बस्ती होने से वहां प्रस्तावित उपकेंद्र बनाना संभव नहीं हो सका। एसडीएम सदर रामजी मिश्रा और एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने कई माह की दौड़-भाग करने के बाद जेल रोड पर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास सब स्टेशन को भूमि चयन कर लिया है। यह अलग बात है कि इस लोकेशन पर सब स्टेशन बनाने की दशा में फीडरों की लंबाई बढ़ जाएगी। एक्सईएन पटेल के अनुसार सब स्टेशन का निर्माण जल्द शुरू होगा।