फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: फॉर्म फीडिंग का 55 फीसदी हुआ कार्य, दूसरे दिन भी रही सर्वर की दिक्कत

विज्ञापन
लोधीपुर में लगे ​शिविर में मतदाताओं के भरवाए जा रहे फॉर्म। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
शाहजहांपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में बृहस्पतिवार को सर्वर धीमा चलने से फॉर्म फीडिंग की गति धीमी रही। शाम छह बजे तक करीब 55 फीसदी फीडिंग का कार्य हुआ था। लगभग 75 फीसदी फॉर्म बीएलओ के पास जमा हो गए हैं, लेकिन फीडिंग की समस्या आ रही है। अस्थायी रूप से बाहर गए लोगों के कागज मंगवाकर बीएलओ फॉर्म भरवा रहे हैं।
विज्ञापन

एसआईआर चार नवंबर से शुरू हुआ था। अंतिम तिथि चार दिसंबर है, लेकिन प्रशासन ने 30 नवंबर तक फॉर्म जमा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक एक से चार दिसंबर तक फॉर्म फीडिंग का कार्य कराया जाएगा। दो दिन से सर्वर डाउन होने से फॉर्म फीडिंग की प्रक्रिया काफी धीमी चल रही है।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बीएलओ के साथ सरकारी कर्मचारी लगाए गए हैं। लगभग सभी विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी अभियान में लगाई गई है। मतदाता अपने-अपने बीएलओ के पास पहुंचकर गणना प्रपत्र भरने और डिजिटाइजेशन के लिए फीडिंग कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन


अस्थायी रूप से बाहर गए लोगों से किया जा रहा संपर्क
अस्थायी तौर पर बाहर नौकरी करने गए लोगों से उनके बीएलओ और क्षेत्र के पार्षद, प्रधान आदि के जरिये संपर्क कर रहे हैं। उनका फोटो और आधारकार्ड की काॅपी मंगाई जा रही है जिससे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो जाए। जो लोग घरों में फॉर्म लेकर बैठे हैं, बीएलओ उनके घर पहुंचकर फॉर्म भरवा रहे हैं।

लोधीपुर में लगाया गया शिविर
मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म भरवाने के लिए लोधीपुर के पार्षद रूपेश कुमार वर्मा अन्नू ने अपने कार्यालय में शिविर लगाया। फॉर्म फीडिंग में बीएलओ की मदद की गई। इस दौरान क्षेत्र के कई लोग शिविर में मतदाताओं के फॉर्म भरने में मदद करते हुए दिखाई दिए। सुबह से ही शिविर में मतदाताओं की भीड़ लगी रही।

एसआईआर कार्य के दौरान बेहोश हुए बीएलओ
खुदागंज (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव अकबरपुर ग्राम पंचायत में तैनात बीएलओ महेश कुमार एसआईआर का कार्य करते समय प्राथमिक स्कूल में ही बेहोश हो गए। साथी शिक्षक एक निजी अस्पताल में लेकर आए। जहां उनका उपचार कराया गया।
डॉक्टर के मुताबिक महेश अब ठीक हैं। महेश कुमार क्षेत्र के ही ग्राम हरिहरपुर सिमरा के निवासी हैं। वह अकबरपुर प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र हैं। उपचार के बाद उनको घर भेज दिया गया। संवाद

अब तक मिले 1.38 लाख से अधिक एएसडी मतदाता


शाहजहांपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में एएसडी (अबसेंट, शिफ्टेड, डेड) मतदाता के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक हुई। डीएम ने बताया कि एसआईआर में अब तक 47477 मृतक, 14902 अनुपस्थित, 14666 डुप्लीकेट, 60734 परमानेंट शिफ्टेड व 1077 अन्य प्रकार के मतदाता मिले हैं। ये कुल 1.38 लाख मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के पदाधिकारी अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से सूची का सत्यापन कर लें। इससे गलत नामों को मतदाता सूची से हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक सत्यापन करके बताया जाए। संवाद

अब तक 55 फीसदी फॉर्म फीडिंग करने का कार्य हो चुका है। दो दिन से सर्वर डाउन होने से थोड़ी दिक्कत आ रही है। बीएलओ के पास 75 फीसदी फॉर्म जमा हो चुके हैं। सभी लोग समय से पहले अपने फॉर्म बीएलओ के पास जमा करा दें। 30 नवंबर तक एआईआर का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
विज्ञापन


- रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें