यातायात माह के तहत सोमवार को चलाए गए चेकिंग अभियान में 529 वाहनों का चालान किया गया और 94650 रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसपी बबलू कुमार ने शहर में घूमकर वाहन चेकिंग जायजा लिया।
एसपी के निर्देश पर दोपहर से चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में एसपी सिटी राजेश कुमार और सीओ सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल यादव ने शहीद द्वार के पास बगैर हेल्मेट के बाइक चला रहे लोगों को रोककर चालान किया। थाना सदर बाजार गेट पर इंस्पेक्टर जेपी तिवारी ने दोपहिया वाहनों की चेकिंग की। खिरनीबाग चौराहा के पास टीएसआई मोम्मद इश्तिायक ने बगैर हेल्मेट गुजर रहे दुपहिया वाहन चालकों को रोक लिया और खिरनीबाग रामलीला मैदान में वाहनों की कतारे लगवा दी।
एसपी ने लिया वाहन चेकिंग का जायजा
एसपी बबलू कुमार शहीद द्वार पहुंचकर चालान किए गए वाहनों की संख्या पूछी। इसके बाद स्टेट बैंक की टाउन हाल शाखा में चेकिंग की। यहां घूम रहे संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। एसपी ने खिरनीबाग चौराहा पर वाहन चेकिंग की। स्वाट टीम भी मौजूद रही। चार पहिया वाहनों से सायरन भी उतारे गए। दिन भर चले चेकिंग अभियान में बाइक सवार पुलिस से बचते नजर आए।
सपा का झंडा लगी स्कार्पियो सीज
कार्यालय से बाहर गुजरते समय एसपी ने सड़क पर सपा का झंडा लगे खड़ी स्कार्पियो सीज करने का निर्देश दिया। टीएसआई ने मौके पर पहुंचकर स्कार्पियो कब्जे में लेकर थाना सदर बाजार भिजवा दी। यह गाड़ी मदनापुर के प्रधान महेश पाल सिंह की थी।
नहीं चली सिफारिश
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बाइक को रोकते ही चालान कर दिया। बाइक चालक को सिफारिश करने का मौका नहीं दिया। बाइक चालक हाथ में मोबाइल लिए पुलिस कर्मियों से बात कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन किसी की एक नहीं सुनी गई।