बीएसए देवेंद्र पांडेय ने मंगलवार को जिला स्तरीय स्थानांतरण सूची जारी करते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश उपलब्ध करा दिए। वे बुधवार को अपने विकास खंडों में शिक्षकों को तबादले आदेश वितरित करेंगे। इधर, स्थानांतरण आदेश लेने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक बीएसए कार्यालय में ही आ धमके और देर रात तक कार्यालय में डटे रहे। बीएसए ने बताया कि यह पहली सूची है, जिसमें 520 शिक्षकों के जिले में ही स्थानांतरण किए गए हैं, जबकि 168 म्यूचुअल स्थानांतरण हुए हैं। दो-चार दिनों में दूसरी सूची भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक परेशान न हों और धैर्य से काम लें। जिन्होंने स्थानांतरण का प्रार्थना पत्र दिया है, उन सभी के प्रार्थना पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया है। कार्यालय में जुटने से किसी समस्या का समाधान संभव नहीं है। स्थानांतरण आदेश खंड शिक्षाधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं, जो ब्लाक से ही बांटे जाएंगे।