ट्रैक्टर-बोलेरो की भिड़ंत में चालक की मौत
शाहजहांपुर। मिर्जापुर रोड पर जरियनपुर पीएचसी के पास बुधवार शाम ट्रैक्टर और बोलेरो की भिड़ंत हो गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बोलेरो चालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दे रात मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव नूरपुर परसौरा निवासी 57 वर्षीय रामासरे उर्फ नन्हे बुधवार शाम 6:30 बजे मिर्जापुर से बोलेरो से गांव लौट रहे थे। रास्ते में जरियनपुर अस्पताल के करीब जब बोलेरो पहुंची, तभी सामने से आए ट्रैक्टर से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। इस घटना में बोलेरो चालक रामासरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीएचसी पर भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक मय ट्रैक्टर के भाग गया। जानकारी मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी पीएचसी पहुंच गए। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान रामासरे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक की शादी नहीं हुई थी। रामासरे रेहरिया गांव के भूरे की बोलेरो चलाते थे। वह भाई रामलड़ैते, नेत्रपाल से बड़े थे।
-------
शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के गांव ककरघटा निवासी 34 वर्षीय रामासरे की बाइक को 20 नवंबर को कांट-जलालाबाद रोड पर जमुनिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। इसमें वह घायल हो गया। बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में उसने बुधवार को दम तोड़ दिया। देर शाम बरेली से शव लेकर गांव पहुंचे। बृहस्पतिवार को परिजनों ने पुलिस को रामासरे की मौत की सूचना दी। तब पुलिस ने शव पीएम को भेजा। मृतक की पत्नी रूबी के सामने पांच वर्षीय बेटे वासु और दो वर्षीय अनमोल की परवरिश की जिम्मेदारी अकेले आ गई है।