फोटो-27,28,29
स्कूल बस की टक्कर से शारदा नहर में गिरा युवक लापता
पूरे दिन डटे रहे गोताखोर नहीं मिली सफलता
युवक के परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा। स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार युवक उफनाती चल रही शारदा नहर में जा गिरा। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। युवक के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव ररुआ निवासी हरजिंदर सिंह का 22 वर्षीय पुत्र जगदीप सिंह उर्फ सोनू मंगलवार सुबह शौचालय बनवाने के लिए सीमेंट लेने गांव नाहिल बाजार जा रहा था। वह रोड से शारदा नहर पटरी मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रही पुवायां के एक स्कूल की बस के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक से उछलकर नहर में जा गिरा। बस चालक ने गांव के पाल सिंह को हादसे की सूचना दी और मौके से चला गया।
पाल सिंह ने जगदीप के परिवार वालों को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में युवक के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद गोताखोर बुलाकर जगदीप की तलाश शुरू की गई, लेकिन कई घंटे बाद भी देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। बीसलपुर के गांव राजूपुर कुंडली निवासी गोताखोर बनवारीलाल, धर्मपाल, नरेशपाल, अजय पाल, वीरपाल, मोहम्मद सकलैन, इकरार हुसैन, हरपाल भी मौके पर पहुंचे और जगदीप की तलाश में काफी देर तक नहर में गोताखोरी की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। एसओ तेजपाल सिंह सुबह से ही मौके पर मौजूद रहे।
00
भूमिहीन है जगदीप का परिवार
मृतक जगदीप सिंह का परिवार भूमिहीन है। उसका छोटा भाई इंद्रजीत बाहर काम करता है, जबकि जगदीप ने अपने मामा के साथ गावं संजय नगर में वर्कशाप खोल रखी है। वर्कशाप से होने वाली आय से ही परिवार की गुजर बसर होती थी।
00
जगदीप की मां का हाल-बेहाल
जगदीप सिंह के नहर में गिर जाने और देर शाम तक उसका पता नहीं लग पाने से मां बलविंदर कौर का रो-रोकर बुरा हाल है। वह नहर के किनारे बैठी सोनू आ जा, सोनू आ जा की आवाज लगाती रहती और बेहोश होकर गिर पड़ती थी। गांव के पहुंची अन्य महिलाओं ने उन्हें संभाला। जगदीप की एक बड़ी बहन सुमनप्रीत कौर है, जिसकी शादी हो चुकी है।