जनसुनवाई पोर्टल पर मिल रहीं शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई
फोटो-31
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
रोडवेज बस के चालक और परिचालक यात्रियों के साथ मनमानी नहीं कर पाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर मिल रहीं शिकायतों पर कार्रवाई हो रही है। अपने जिले में भी जागरूक लोगों ने जब इस संबंध में शिकायतें कीं तो चालक-परिचालक को दंड झेलना पड़ा।
चालक-परिचालक यात्रियों की सहूलियत का ख्याल न रखते हुए अक्सर मनमानी करते नजर आते हैं। यात्रियों के साथ अभद्रता करना और रास्ते में यात्रियों को न बैठाना, तेज गति से लापरवाही के साथ बस का संचालन करना भी आम बात है। निर्धारित दूरी को किराये के अनुरूप सफर को पूरा कराना भी इनकी जिम्मेदारी है लेकिन बस स्टैंड से पहले किसी न किसी बहाने विभिन्न रूटों पर बस के चालक और परिचालक यात्रियों को उतार देते हैं। ऐसा नहीं हैं कि इनके खिलाफ कोई कार्रवाई का आधार नहीं है, यदि आप जरा सा भी जागरूक हैं तो इनके खिलाफ टोल फ्री नंबर और जनसुनवाई पोर्टल पर ऑन लाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें शिकायतों पर जांच हुई तो उनको कार्रवाई के दायरे में लाया गया। तमाम चालक-परिचालक को तो आर्थिक दंड भी झेलना पड़ा।
----------
इन शिकायतों पर हुई सुनवाई-
केस-1
शहर निवासी दिव्यांग मिश्रीलाल ने 13 जनवरी को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि यूपी 27 टी 0842 के परिचालक ने उसका विकलांग प्रमाण पत्र नहीं चढ़ाया। जब उसने कहा तो गाली दी। इस शिकायत पर परिचालक से पांच सौ रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
केस-2
शहर निवासी अमित वाजपेयी ने दो फरवरी को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि उसने बस चालक को दस रुपये का सिक्का दिया लेकिन उसने लेने से मना कर दिया। इस पर परिचालक सुनील से 100 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
केस-3
शहर निवासी पवन गुप्ता ने आठ फरवरी को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि बस के परिचालक ने सफर के दौरान उससे अभद्रता की। शिकायत के आधार पर संबंधित बस के परिचालक से पांच सौ रुपये बतौर अर्थदंड वसूल किए और स्पष्टीकरण मांगा गया।
केस-4
जलालाबाद के मोहल्ला महाजनान निवासी अभिषेक सिंह ने 15 मार्च को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि बसो में यात्री धूम्रपान करते हैं। इस पर बताया गया कि यदि शिकायत के आधार पर कोई धूम्रपान करते पाया गया तो उससे 500 रुपया जुर्माना वसूला जाएगा।
केस-5
शहर में ईदगाह रोड किनारे रहने वाले उमेश चंद्र ने 16 दिसंबर को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि चार दिसंबर को वह बस संख्या यूपी 27 टी 6110 पर बैठते समय उसने एक मिनट बस रोकने को कहा लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी, भागते समय उसकी पत्नी के पैर में मोच आ गई। शिकायत पर चालक-परिचालक से तीन-तीन सौ अर्थदंड वसूला गया।
----------
फोटो-32
शिकायतों के आधार पर जांच के बाद चालक परिचालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाती है। यात्री उनसे भी सीधे शिकायत कर सकते हैं। उस पर वह अपने स्तर से भी उचित कार्रवाई करेंगे।
आरके वर्मा, एआरएम
---------
नानकपुरी-बंडा और अजमेर-पुष्कर के लिए बस सेवा शुरू
शाहजहांपुर।
शाहजहांपुर डिपो ने बस संचालन व्यवस्था को और दुरूस्त करते हुए शहर से नानकपुरी गुरूद्वारा बंडा तक व शहर से अजमेर पुष्कर तक बस सेवा शुरू की है। इन बसों का संचालन होने से यात्रियों में खुशी की लहर है।
एआरएम आरके वर्मा ने बताया कि शाम 5:05 बजे बस स्टैंड से रोडवेज बस पुवायां होते हुए खुटार से लौंहगापुर नानकपुरी गुरुद्वारा व सुनासिर नाथ मंदिर से बंडा तक के लिए शुरू की गई है। यही बस अगले दिन बंडा से सुबह सात बजे इसी रूट से शहर के लिए वापस होगी। इसी तरह से शहर से राजस्थान पुष्कर तक बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सुबह सात बजे बस स्टैंड से जलालाबाद, बदायूं, कासगंज, सौरों, मथुरा होते हुए जयपुर अजमेर पुष्कर तक जाएगी। अगले दिन यही बस सुबह सात बजे पुष्कर से चलेगी। उन्होंने बताया कि पुवायां में नानकपुरी गुरूद्वारा तक बस सेवा जनता की मांग पर विधायक चेतराम के प्रयास से शुरू की गई है। शहर से पुष्कर तब बस सेवा यात्रियों की जरूरत के हिसाब से शुरू की गई है।