शाहजहांपुर। माध्यमिक स्कूलों में होने वाली प्री बोर्ड परीक्षा के लिए 50 स्कूलों को प्रश्नपत्र का बंडल ले जाने की फुर्सत नहीं मिली है। इसके चलते वितरण की तिथि को दो दिन बढ़ा दिया गया है। शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को प्रश्नपत्र को रिसीव करने के निर्देश दिए गए हैं।
दसवीं व इंटरमीडियट की यूपी बोर्ड परीक्षा में 389 स्कूलाें के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा से पहले विद्यार्थी प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए गत वर्ष के रिजर्व प्रश्नपत्रों का उपयोग होना है। इसके लिए तहसीलवार वितरण की तिथि तय करते हुए प्रभारी व सह प्रभारी बनाए गए थे।
तय समय पर तहसीलों के अधिकतर स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने प्रश्नपत्रों को मंगवा लिया, लेकिन 50 स्कूलों के प्रश्नपत्र अब तक नहीं जा सके हैं। इन स्कूलों को फुर्सत नहीं मिली है। प्रश्नपत्र नहीं मंगाने पर वितरण प्रभारी अनिल गंगवार ने छूटे हुए लोगों के लिए दो दिन का समय दिया है। सह प्रभारी मनीराम ने बताया कि दो दिन का समय दिया गया है। उसके बाद डीआईओएस के निर्देश पर कार्रवाई होगी।