शाहजहांपुर। अल्हागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी निवासी मोनू राठौर ने पुलिस अधिकारियों और उप मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर दो सिपाहियों पर 25 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
मोनू राठौर ने बताया कि तीन जुलाई को किसी अज्ञात व्यक्ति का 50 लाख रुपया उसके खाते में आ गया। उसी समय ठगों ने रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसकी जानकारी उसे नहीं थी। इस मामले की जानकारी दो सिपाहियों को हुई। इसके बाद दोनों सिपाहियों ने उससे संपर्क किया।
कहा कि जो उसके खाते में 50 लाख रुपये आए हैं, उसमें से आधे उन लोगों को दे दो। नहीं दिया तो मुकदमा दर्ज कराकर जिंदगी बर्बाद कर देंगे। मोनू राठौर ने साक्ष्य के रूप में ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग में सिपाहियों ने पहले 25, फिर 10 लाख की मांग की। तीसरी बार फोन कर कहा कि यह बात थाना प्रभारी को नहीं बताई है। तब तक के लिए दो लाख रुपया दे जाओ और अकेले आना। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।