शाहजहांपुर। नगर निगम के कंट्रोल रूम में पिछले डेढ़ माह में करीब 50 शिकायतें मिलीं। इनमें 27 तो सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से संबंधित थीं। इनका निस्तारण हुआ कि नहीं, इसकी जानकारी अफसरों को नहीं है। शहरवासी भी समाधान न होने का दावा कर रहे हैं।
कंट्रोल रूम में आईं चार शिकायतें अलग-अलग मोहल्लों में डलाव स्थलों से कूड़ा उठान और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन न होने से संबंधित थीं। 12 गलियों तथा मुख्य मार्गों पर जलापूर्ति लाइन में लीकेज को लेकर आईं। महमंद जंगला निवासी मोहम्मद मोईन ने दो अप्रैल को कूड़ा उठान नहीं होने की शिकायत की थी। उनकी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। पड़ताल में पता चला कि मोहल्ले में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन हो ही नहीं रहा। चिनौर निवासी निवासी डॉ. अवतार सिंह ने 16 अप्रैल को साफ-सफाई के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी समस्या का समाधान भी नहीं हुआ। उनके घर के पास शिव मंदिर तक नाली चोक मिली। इससे श्रद्धालुओं को भी दिक्कत होती है। बताया गया कि रामनवमी पर एक कर्मचारी आया था, वह खानापूरी करके चला गया। पूरे चिनौर क्षेत्र में मात्र चार कर्मचारी तैनात हैं।
मोहल्ला जलालनगर निकट पहाड़ दादा की मजार निवासी आसिफ ने 16 अप्रैल को शिकायत की थी कि जलापूर्ति की पाइप लाइन लीकेज हो रही है। उसका निस्तारण नहीं हो पाया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि फिरोज की दुकान के आसपास की गलियों में ही 10-12 जगह पर लीकेज की समस्या देखने को मिलती है। मोहल्ले में यह समस्या कई स्थानों पर है। सफाई व्यवस्था भी बहुत खराब है। गलियों में कूड़े के ढेर लगे हैं।
लाल इमली चौराहा के पास रहने वाले अजीम ने 15 अप्रैल को जलापूर्ति की पाइप लाइन के लीकेज होने की शिकायत दर्ज कराई थी। यहां अब भी पानी बह रहा है और लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंचता है। यहां जल निगम ने नई पाइप लाइन डाली थी।
जलालनगर में गंदगी का अंबार नालियां भी चोक
मोहल्ला एमनजई जलालनगर में भुल्लन खान की चौपाल बर्फखाने के पास नालियां चोक पड़ी हैं। गलियों में कूड़े के ढेर लगे मिले। प्लॉट को डलाव घर बना दिया गया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाकर नहीं ले जाते। नालियों की सफाई महीनों तक नहीं होती, जिस वजह से नालियां तक चोक हैं।
फॉगिंग के नाम पर खानापूरी
-नालियों की सफाई न होने से मच्छरों की तादाद बढ़ रही है। इससे निपटने के लिए नगर निगम के प्रयास कहीं दिखाई नहीं देते। इसके लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव होना चाहिए। नगर निगम के कंट्रोल रूम में फॉगिंग न होने से संबंंधित भी शिकायतें हैं। सदर बाजार के व्यापारी पंकज टंडन ने बताया कि नगर निगम की गाड़ियां फॉगिंग मशीन चलाते हुए तेज रफ्तार में निकल जाती हैं। सिर्फ खानापूर्ति कर बजट निकाला जा रहा है।
-
यहां कर सकते हैं शिकायत
डेडिकेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर का टोल फ्री नंबर 1800 1800 101 तथा 1533
दूरभाष संख्या 05842-225437
मोबाइल नंबर 7355003882
-
जलापूर्ति की लाइन में लीकेज की शिकायत मिलने पर मरम्मत कराई जाती है। यदि कहीं पर लीकेज की समस्या है, तो उसको दिखवाया जाएगा। कर्मचारियों को भेजेंगे और समाधान कराएंगे।
- सूरज कुमार, एई, जलकल विभाग, नगर निगम शाहजहांपुर
-
सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, कूड़ा उठान व डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है। बावजूद नालियां चोक और कूड़े के ढेर लगे हैं तो संबंधित से जवाब तलब करने के साथ ही व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। - डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम शाहजहांपुर
मोहल्ला एमनजई जलालनगर में बर्फखाने के पास नाली चोक हाने से सड़क पर बहता गंदा पानी। संवाद