शाहजहांपुर। जिले में शनिवार को हुई बारिश से जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन सात पशु घायल हुए हैं और 47 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार सदर तहसील क्षेत्र में एक महिला के घायल होने के साथ चार पशुहानि और 22 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। तिलहर, पुवायां, जलालाबाद और कलान तहसील क्षेत्रों में भी मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है।
सदर तहसील के सिमरई गांव में पक्की दीवार गिरने से गीता घायल हो गईं। यहां 20 से अधिक कच्चे और पक्के मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्रशासन को मिली है। तिलहर क्षेत्र में इंदइया कलां निवासी शिशुपाल का कच्चा मकान बारिश में गिर गया। रायपुर गांव में अतिवृष्टि के कारण ओमप्रकाश की पक्की दीवार और टिनशेड गिर गया।
पुवायां तहसील में नाहिल गांव में आवासीय घर की कच्ची दीवार गिर गई। सकरापुर में असगर अली का कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। कल्याणपुर धरमाई और बनगवां में भी कच्चे मकानों की दीवारें गिरने की सूचना है।
कलान तहसील में ककोड़ा गांव में झोंपड़ी की कच्ची दीवार गिरने से रामनिवास को हल्की चोट लगी। उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया। कौही गांव में तेज आंधी और बारिश से भूसा की कोठरी में रखी टिन गिरने से जानवरों को आंशिक चोट आई।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि जिले में एक व्यक्ति और सात पशु घायल और 47 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। फसल क्षति का प्रशासन सर्वे कराएगा।