शाहजहांपुर। राजकीय इंटर कॉलेज के खिरनीबाग स्थित खेल मैदान पर हिंदू शंखनाद सम्मेलन में अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनाने का मुद्दा पूरी दमदारी से उठाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने सरकार से दो टूक कहा कि यदि छह दिसंबर तक मंदिर निर्माण के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाती तो संत समाज के कोप का भाजन सरकार को बनने के लिए तैयार रहना चाहिए।
स्वामी यतींद्रानंद ने अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण की हुंकार भरते हुए कहा कि सरकार को मंदिर के बारे में हिंदू समाज को गुमराह करने की आदत छोड़नी होगी और कोई ठोस निर्णय लेकर आगे बढ़ना चाहिए। अच्छा होगी कि सरकार अध्यादेश लाकर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ करे। यदि ऐसा नहीं होता है तो छह दिसंबर से उनके गुरु सत्यमित्रानंद आमरण अनशन शुरू कर देंगे। गिरि ने कहा कि जिस वक्त मोदी ने संसद में माथा टेका था, यदि उसी वक्त वह अयोध्या जाकर अगर शिलान्यास कर देते तो अब तक राममंदिर बन गया होता। भाजपा वाले राम की बात करके सत्ता में पहुंच गए लेकिन अब राम का ही काज नहीं कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने भी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि रामलला का मंदिर अयोध्या में जन्मभूमि स्थल पर हरहाल में बनाकर रहेंगे। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर संतों का साथ देने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान जय श्री राम, राम लला हम आएंगे- मंदिर वहीं बनाएंगे आदि नारे गूंजते रहे। सम्मेलन में मौजूद केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज भी मौजूद रहीं। राजेश अवस्थी के संचालन में हुए सम्मेलन में राजीव सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजाराम मिश्रा, सौरभ सोमवंशी, राजेंद्र पटवा, विपिन शुक्ला, रामचंद्र दास, सत्येंद्र शुक्ला, वैभव खन्ना समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री को साैंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर। खिरनीबाग मैदान में हुए हिंदू शंखनाद सम्मेलन में विहिप की ओर से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में संतों और आमजन की भावनाओं से अवगत कराते हुए केंद्र सरकार को मंदिर निर्माण के संबंध में जनभावनाएं पहुंचाने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन देने वालों में राजीव सिंह, अभिनव ओमर, राजेश अवस्थी, हरीश प्रजापति, श्रीओम गुप्ता, राकेश त्यागी, आलोक शर्मा आदि शामिल रहे।
अध्यादेश नहीं, तो संत खुद बनवा लेंगे मंदिर
शाहजहांपुर। हिंदू शंखनाद सम्मेलन में आए जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने सरकार को चेताया कि अगर छह दिसंबर तक अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश नहीं बनाया जाता, तो संत स्वयं मंदिर बना लेंगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए स्वामी गिरि ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को अब कोई नहीं लटका सकता। हिंदुओं से जुड़ी आस्था का हल कोर्ट से नहीं निकल सकता। इसके लिए आमजनता ने भाजपा को जिस उम्मीद से सत्ता सौंपी थी, उसे पूरा करना चाहिए। पहले ही बहुत देर हो चुकी। सरकार को तो पहले ही अधिनियम बनाकर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अभी केंद्र के पास समय है, वह अध्यादेश लाकर अथवा कोई अन्य निर्णय ठोस निर्णय लेकर राम मंदिर का रास्ता साफ करे।
यतींद्रानंद ने का कि यदि छह दिसंबर तक सरकार कोई रास्ता नहीं निकालती तो उनके गुरु सत्यमित्रानंद अयोध्या में आमरण अनशन शुरू कर देंगे। महामंडलेश्वर ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि राममंदिर का अयोध्या में निर्माण हो। भाजपा को लगता है कि वह राम मंदिर नहीं बनवा पाएगी। इसलिए संतों के नेतृत्व में आमजन को ही राम मंदिर बनवाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर 2019 तक मंदिर न बने तो सभी को भाजपा को वोट नहीं देने की कसम खानी होगी।