रोजा। अप कामाख्या एक्सप्रेस को रोक कर एक मालगाड़ी समेत कई अन्य ट्रेनों को पास कराने से नाराज यात्रियों ने उचौलिया में स्टेशन मास्टर का घेराव कर लिया। यहां जमकर तकरार हुई। आरपीएफ-जीआरपी ने यात्रियों को किसी तरह शांत कराया। दो घंटे के बाद कामाख्या एक्सप्रेस को यहां से अपरांह 3:45 बजे रवाना किया गया।
पहले से देरी से चल रही अप कामाख्या एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर करीब 1:35 बजे उचौलिया स्टेशन पहुंची थी। यहां ट्रेन को स्टॉपेज दे दिया गया। काफी देर तक ट्रेन नहीं चली तो यात्रियों ने इस बारे में पता किया। कुछ संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस दौरान एक लंबी दूरी की मालगाड़ी और दो अन्य रेलगाडिय़ों को पास कर दिया गया। कामाख्या एक्सप्रेस को लाइन क्लियर नहीं दिया गया। इससे नाराज यात्रियों ने स्टेशन मास्टर राहुल कुमार का घेराव कर दिया। उनसे तकरार भी की। यात्रियों को बताया गया कि ट्रेन को अभी कंट्रोल से सिग्नल नहीं मिला है। इससे यात्रियों का गुस्सा और भड़क गया। जीआरपी-आरपीएफ ने माहौल को किसी तरह शांत किया। करीब दो घंटे के बाद ट्रेन को 3:45 बजे यहां से आगे रवाना किया गया।