बूंदाबांदी के साथ 6.8 डिग्री लुढ़का पारा, उमस से राहत
0 शुक्रवार को बादल छाने से मौसम ने बदली करवट
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। पूर्वांचल में आंधी के साथ बारिश के असर से शुक्रवार को जिले में मौसम ने करवट बदल ली। सुबह से आसमान पर छाए काले-भूरे बादलाें से रिमझिम फुहारें गिरनी शुरू हुईं तो आर्द्रता बढ़ने से हवा भी ठंडी हो गई। थर्मामीटर का पारा 6.8 डिग्री लुढ़क जाने से गर्मी और उमस से बेहाल जनजीवन को काफी राहत मिल गई।
इससे पहले गत 12 सितंबर को हल्की बारिश हुई, लेकिन तापमान बमुश्किल 1.5 डिग्री गिरावट के साथ 32.4 डिग्री सेल्सियस बना रहा। तब से बारिश का दौर थमने और आसमान पर बादल छाए रहने के बावजूद रोजाना धूप निकलने से गर्मी भी बढ़ती रही। बृहस्पतिवार को दिन भर निकली धूप से बढ़ी उमस के कारण पारा 34.6 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन आज सुबह से हुई बूंदाबांदी से तापमान गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार आसमान पर देर रात से बादल छा जाने से बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन दिन में 1.4 मिमी बारिश होने से आर्द्रता 27 फीसदी बढ़ी तो अधिकतम तापमान में भी एकाएक कमी आ गई। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे तक बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे और इस दौरान तापमान में और गिरावट आ सकती है।