आशा बहुओं ने अस्पताल का गेट बंद कर किया प्रदर्शन
रोगियों को हुई परेशानी, पुलिस ने खुलवाया गेट
राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन
फोटो-23
अमर उजाला ब्यूरो
खुटार। सोमवार को आशा बहुओं ने मांगों को लेकर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट को बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुलिस ने गेट खुलवाया।
इस समय बुखार का प्रकोप चल रहा है। रोजाना चार से पांच सौ रोगी अस्पताल पहुंच रहे हैं। सोमवार को लोग दवा लेने अस्पताल पहुंचे तो मेन गेट बंद मिला। गेट के दूसरी ओर बैठी आशा बहुएं आठ हजार रुपये प्रति माह वेतन दिलाए जाने, राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने आदि मांगों को लेकर धरने पर बैठी थीं। रोगियों ने बीमारी का वास्ता देकर गेट खोलने को कहा, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। अस्पताल के प्रभारी डॉ. संदीप वर्मा के समझाने पर भी गेट नहीं खोला गया, इससे परेशान रोगी गेट के दूसरी ओर रोड पर ही बैठ गए। ज्यादा गंभीर रोगी विवश होकर रोड के किनारे ही लेट गए।
प्रभारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आशा बहुओं को समझाकर गेट खुलवाया। इसके बाद रोगियों का इलाज शुरू हो सका। आशा बहुओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी गीता जायसी को सौंपा। इस दौरान माया देवी, सुशीला देवी, रामश्री, मोहिनी देवी, सीमा देवी, रामवती सहित तमाम आशा मौजूद रहीं।