सुनवाई नहीं होने पर हिताय मोर्चा कार्यकर्ताओं का रोष भड़का
शाहजहांपुर।
जिला आपूर्ति विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जांच कर कार्यवाही नहीं किए जाने के विरोध में सर्व समाज हिताय मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। उनका इरादा मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का था, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेने के साथ सभी बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही करने का भरोसा देकर धरना समाप्त करा दिया।
पात्र गृहस्थी परिवारों को ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद राशन कार्ड सुलभ नहीं कराए जाने, राशन कार्ड जारी होने के बावजूद पीओएस मशीन में अंगूठा निशान नहीं आने पर पात्रों को खाद्यान्न दिए बगैर वापस लौटाने, राशन वितरण और दुकानें खोलने मेें कोटेदारों के स्तरर से मनमानी किए जाने आदि शिकायतों को मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नबी गत कई माह से पीड़ित परिवारों को साथ लेकर अफसरों के चक्कर काट रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्होेंने गत माह डीएम के नाम ज्ञापन देकर राशन वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू कर देने की घोषणा की थी।
समस्याएं जस की तस बनी रहने पर मोर्चा अध्यक्ष ने संगठन के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कलक्ट्रेट कैंपस में नारेबाजी की और बाद में दरा बिछाकर वहीं पर धरना शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद ही सिटी मजिस्ट्रेट ने उनसे ज्ञापन लेकर वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया कि राशन वितरण व्यवस्था की खामियां दूर करके उसमें जल्द सुधार कराया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में मोर्चा के जिला अध्यक्ष आरके मिश्रा, युवाप्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष फरमान खां, नगर अध्यक्ष अब्दुुल मुनीर, शादान खां, कय्यूम अली, मुकेश कुमार आदि शामिल रहे।