शाहजहांपुर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी नीलिमा प्रसाद को विजयी बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्नाने वोट मांगने का अभियान जारी रखा। रविवार को उन्होंने सरस्वती पब्लिक स्कूल में आयोजित भोजवाल सम्मेलन को संबोधित किया। इनके अलावा प्रत्याशी नीलिमा प्रसाद और उनके पति जयेश प्रसाद ने भी अलग-अलग मोहल्लों में घर-घर जाकर तथा सभाएं कर वोट मांगे।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि भोजवाल समाज ने भाजपा का हमेशा साथ दिया है। निकाय चुनाव में भी समाज के लोग पूरी निष्ठा से पार्टी प्रत्याशी नीलिमा प्रसाद को विजयी बनाने में सहयोग करें और खुलकर वोट डालें, जिससे भाजपा प्रत्याशी नीलिमा प्रसाद की ऐतिहासिक जीत हो सके। इस अवसर पर जनता के हर सुख-दुख में साथ देने और विकास कार्य कराने का वादा किया। वहीं, पूर्व एमएलसी और प्रत्याशी पति जयेश प्रसाद ने मोहनगंज, बाडूजई द्वितीय, भारद्वाज कॉलोनी, सिविल लाइंस, गांधी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में घर-घर वोट मांगे तथा नुक्कड़ सभाएं की अपनी बात रखी।
चुनाव प्रचार के दौरान अरुण राठौर, फकीरे लाल भोजवाल, अवधेश दीक्षित, जगदीश गांधी, सत्यदेव शर्मा, राजेश यादव, शहाना बेगम, ऊषा राजानी, मीना, रागिनी सिंह, विमला, रमेश यादव, सुशील कनौजिया, संतराम, अरुण कश्यप आदि शामिल रहे।