इंडिपेंडेंट पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की रविवार को बैठक में स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से निर्धारित दिशा निर्देशाें पर अमल किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
शहर के एक होटल में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए विपिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्कूलों में बच्चाें की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्कूल संचालकों की ही होती है, इसलिए सभी को सतर्क होकर बच्चों की सुरक्षा के मानक तय करने की जरूरत है, ताकि गुड़गांव जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इसके लिए सर्वसम्मति से तय किया गया कि स्कूल गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात कर गेट, स्कूल परिसर, शौचालय, क्लासरूम में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था करने, टॉयलेट के लिए कम से कम दो-दो बच्चों को एक साथ भेजने, छोटे बच्चों के साथ टॉयलेट में सेविका को भेजने, प्रधानाचार्य की अनुमति और गेट पर इंट्री दर्ज करने के बाद ही बाहरी व्यक्ति का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करने, स्टाफ का पुलिस से वेरीफिकेशन करने और सभी के परिचय पत्र बनाना तय किया गया।