शाहजहांपुर। बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में खिरनी बाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर धरना दिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा।
पार्टी के बरेली मंडल के सह संयोजक मुख्य अतिथि मलिखान सिंह दिनकर ने कहा कि देश व प्रदेश में ओबीसी का समर्थन लेकर सत्ता हासिल करना, फिर ओबीसी की जाति आधारित गिनती न करना व संख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व न देना ओबीसी के साथ धोखेबाजी है। उन्होंने चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाने की मांग भी उठाई। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से मासूमों की मौत पर कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हो उसे उम्रकैद या फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कर्नाटक के पत्रकार लंकेश की हत्या की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मोहम्मद हासिम, रामभरोसे लाल, रामभजन, सदाकत अली मंसूरी, रामसरन, सत्येंद्र सिंह, संजय वर्मा, रामसेवक कुशवाहा, गिरीश आदि मौजूद थे।