बारिश से उफान पर गंगा-रामगंगा समेत सभी नदियां
शुक्रवार से अब तक जिले में हो चुकी 33.4 मिमी बरसात
बैराजों से रिलीज पानी से नदियां और चढ़ने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
गत चार दिन से हो रही बरसात के चलते जिले से होकर बहने वाली गंगा-रामगंगा समेत अन्य सहायक नदियां फिर से उफनाने लगी हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष को पिछले 24 घंटे के दौरान सभी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की रिपोर्ट मिली है। इस बीच, नरौरा समेत कई बैराजाें से अतिरिक्त पानी बहाए जाने से गंगा-रामगंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। जिले में मॉनसून की बरसात का दौर गत शुक्रवार से जारी है। बुधवार को सुबह के समय बमुश्किल एक मिमी बरसात हुई, लेकिन पांच दिन में हो चुकी 33.4 मिमी बरसात का पानी नदियों में सिमटने से जलालाबाद और कलान तहसीलों में गंगा-रामगंगा ने अपना दायरा फिर से बढ़ाना शुरू कर दिया है। हालांकि, दो दिन से गंगा के जलस्तर में कछला घाट से लेकर भैंसार बांध तक कमी देखी जा रही थी।
इस बीच, सिंचाई विभाग को विभिन्न बैराजों से नदियों में पानी कम रिलीज होने की सूचनाएं मिलीं। इससे यही अनुमान लगाया गया कि क्षेत्र में व्यापक वर्षा होने तक नदियों के तटवर्ती गांव बाढ़ की समस्या से मुक्त रहेंगे। इसके विपरीत बुधवार को नरौरा से डिस्चार्ज पानी की मात्रा में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब दस हजार क्यूसेक की वृद्धि हो गई। रामगंगा में विभिन्न बैराजों से आ रहे पानी की मात्रा में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। इसके बावजूद रामगंगा भी आसपास के खेतों में फैलाव ले रही है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार गंगा भैंसार बांध पर केवल दो सेमी बढ़ी, लेकिन बदायूं के कछला घाट में गंगा 20 सेमी चढ़कर 163.00 मीटर पर पहुंच गई है। इसी तरह चौबारी में रामगंगा का जलस्तर 27 सेमी बढ़कर 159.35 मीटर हो गया है। इधर, शहरर के समीप गर्रा के जलस्तर में 15 सेमी और खन्नौत में दस सेमी बढ़ोतरी मापी गई है।