बैंक से रुपये लेकर घर जा रहे पिता पुत्र से नगर में ही दिनदहाड़े दो बाइक सवार चार बदमाशों ने 40 हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने पिता को घायल कर दिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिग की लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
गांव पिपरिया भागवंत निवासी रामऔतार अपने पुत्र छोटे के साथ शुक्रवार को बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सौंफरी शाखा से रुपये निकालने आए थे। बैंक शाखा खुटार नगर में पुवायां मार्ग पर है। रुपये निकालने के बाद पिता पुत्र बाइक से घर जाने के लिए पूर्व माध्यमिक स्कूल से सिल्हुआ जाने वाले रास्ते के लिए निकले तो कसबे में ही पीछे से आए दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे तानते हुए शोर नहीं मचाने की हिदायत दी।
इसके बाद बदमाशों ने रामऔतार के पास से 40 हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर रामऔतार के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पिता पुत्र ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और रामऔतार को साथ लेकर बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस रामऔतार को घर छोड़ आई। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि रामऔतार की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।