भीषण गर्मी में पॉवर नेटवर्क पर बिजली लोड बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मरों की शामत आने लगी है। सोमवार को दोपहर चौक क्षेत्र में 400 केवी का ट्रांसफार्मर आग का गोला बनकर नष्ट हो गया। इससे मसीतगंज मोहल्ले के सैकड़ों घरों की बत्ती घंटों गुल रही।
रविवार सुबह से लगातार कटौती रहित बिजली सप्लाई ने गर्मी से बेहाल लोगों को भले ही राहत दी हो, शहरी पॉवर नेटवर्क पर भारी पड़ रही है। लगातार करंट मिलने से गर्म हो चुकीं हाईटेंशन लाइनें दहक रही हैं और यही हाल ट्रांसफार्मरों का है। सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे कटौती अवधि मेें सप्लाई के दौरान मसीतगंज में रोड के किनारे रखे ट्रांसफार्मर पर बिजली भार ज्यादा पड़ा तो उसमें तेज आवाज के साथ आग लग गई।
जब तक दमकल यूनिट मौके पर पहुंचती, लपटों से गर्मी पाकर ट्रांसफार्मर टैंक में भरा तेल भी जल उठा। नतीजे में ट्रांसफार्मर देखते-देखते आग के गोले में बदल गया। जानकारी पाकर अब्दुल्लागंज सब स्टेशन के प्रभारी जेई अनुज श्रीवास्तव जब तक मौके पर आग की चपेट में आए ट्रांसफार्मर में सुधारने लायक कुछ बचा ही नहीं। उन्होंने तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई और विशेष वाहक से दूसरे ट्रांसफार्मर का इंडेंट स्वीकृति के लिए एक्सईएन के पास भिजवाया।
जेई श्रीवास्तव के अनुसार खराब ट्रांसफार्मर काफी गर्म हो जाने के कारण उसे हटाने में काफी वक्त लग गया। उन्होंने बताया कि मसीतगंज में दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर लाइनों से कनेक्शन किए जा रहे हैं और देर रात तक प्रभावित क्षेत्र को बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर जलने से मसीतगंज और आसपास के घरों के लोग शाम को पानी के लिए भी हैंड पंपों पर भटके।
कटरा में 30 घंटे
से बिजली गुल
- एक माह में तीसरी बार फुंका ट्रांसफार्मर
- नगर पंचायत ने लगाया मोबाइल ट्रांसफार्मर
अमर उजाला ब्यूरो
मीरानपुर कटरा। पिछले 15 दिन पूर्व फुंका ट्रांसफार्मर अभी ठीक से सप्लाई दे भी न सका था कि शनिवार को एक बार फिर ट्रांसफार्मर फुंक जाने से कस्बे में हाहाकार मच गया है।
बता दें कि मोहल्ला कोरियन में रखे बिजली ट्रांसफार्मर से बिल्लीगंज, अहिरान, कोरियान,बजरिया, तहवरगंज, सरायं, कायस्थान आदि मोहल्लों में सप्लाई दी जाती है। इस ट्रांसफार्मर पर क्षमता से कहीं अधिक लोड डाल दिया गया है। इसके चलते उक्त ट्रांसफार्मर पिछले एक माह में तीसरी बार फुंक चुका है। एक तो वैसे ही भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं ऊपर से बिजली अधिकारियों ने भी कस्बावासियों पर कहर ढाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी है क्योंकि 30 घंटे बीत जाने के बाद भी कस्बावासियों को बिजली के दर्शन नहीं हुए हैं। भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
आखिर कहां गए जनता के दु:ख दर्द में साथ देने वाले लोग
लगातार ध्वस्त हो रही नगर की बिजली व्यवस्था को दुरस्त कराने में कोई भी संगठन खुलकर सामने आने को तैयार नहीं है। आए दिन अखबारों में नाम प्रकाशित कराकर नेतागिरी चमकाने के आदी हो चुके इन नेताओ को भी जनता की कोई फिक्र नही है। रही बात राजनेताओं की तो उन्हें जनता की याद सिर्फ चुनाव के वक्त ही आती है। बिजली के मसले पर जनता को हो रही परेशानी को दूर कराए जाने में कोई भी जनता के साथ खड़ा नजर नही आ रहा है ।
नगर पंचायत ने लगवाया मोबाइल ट्रांसफार्मर
मोहल्ला कोरियान में रखा ट्रांसफार्मर फुंक जाने से लगभग आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई है। ऐसे में जनता की परेशानी को देखते हुए चेयरमैन सुकेश गुप्ता ने नगर पंचायत के मोबाइल ट्रांसफार्मर से सप्लाई चालू किए जाने के लिए ट्रांसफार्मर को लगवा दिया है।