पुवायां के तहसील समाधान दिवस में गेहूं खरीद के लिए पंजीकरण करते अधिकारी। संवाद
पुवायां। शासन ने एक मार्च से गेहूं खरीद शुरू करने के आदेश दिए हैं। गेहूं पकने में अभी समय है और एक मार्च से गेहूं बाजार में आना मुश्किल है लेकिन प्रशासन ने खरीद की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पिछले वर्ष गेहूं की सरकारी खरीद बेहद कम रही थी। बाजार में रेट ज्यादा होने के कारण किसानों ने गेहूं आढ़तों और राइस मिलों पर बेच दिया था। केंद्र प्रभारियों और अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बाद भी गेहूं खरीद लक्ष्य से बहुत पीछे रह गई थी। इसको देखते हुए इस बार प्रशासन ने पहले से ही गेहूं खरीद को बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। गेहूं खरीद ज्यादा हो सके, इसके लिए जिलेभर में शिविर लगाकर किसानोें के पंजीकरण किए जा रहे हैं। पुवायां तहसील परिसर में मंगलवार को खाद्य एवं रसद विभाग के निरीक्षक आरके दुबे के नेतृत्व में गेहूं खरीद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गेहूं खरीद के लिए दो सौ किसानों का पंजीकरण किया गया। मंगलवार को जिलेभर में 700 किसानों का पंजीकरण किया गया। आरके दुबे ने बताया कि अब तक जिले में 38 सौ किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है।