गढ़िया रंगीन में चोरी के बाद जांच करती पुलिस। स्रोत: जागरुक पाठक
जैतीपुर। गढ़िया रंगीन कस्बे में शनिवार की रात चोर थाने के पास स्थित स्थानीय व्यापारी व्योमेश गुप्ता की गल्ला आढ़त का शटर, ताला और कुंडा तोड़कर गुल्लक और अलमारी में रखे 37 हजार रुपये निकाल ले गए।
रविवार को सुबह करीब नौ बजे उनके मुनीम मुकेश गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। मुनीम ने दुकान का ताला कटा हुआ और शटर का कुंडा टूटा पड़ा देखा। शटर उठाकर अंदर जाने पर गद्दी से गुल्लक नदारद मिली। अलमारी का हैंडल भी टूटा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच से पता चला कि चोर गुल्लक को गोदाम के अंदर ले गए और उसे लोहे की रॉड से तोड़ दिया।
गुल्लक और अलमारी में रखे कुल 37 हजार रुपये नदारद मिले। बाद में आढ़ती व्योमेश ने थाने में चोरी की तहरीर दी। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज देखने के साथ घटना की जांच कराई जा रही है। चोरी के मद्देनजर स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। संवाद