जीएफ कॉलेज में डीएम ने किया उद्घाटन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर में समाज कल्याण विभाग से संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग में 367 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। इसमें यूपीएससी में 123, एक दिवसीय परीक्षा में 160 व नीट-जेईई के लिए 84 अभ्यर्थी शामिल हैं। इनको निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। शुक्रवार से जीएफ कॉलेज में कोचिंग का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार दोपहर को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निशुल्क कोचिंग सत्र 2025-26 का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग कक्षाओं में अभ्यर्थी यूपीएससी, यूपीपीसीएस, नीट, जेईई व एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। डीएम ने कहा कि सफलता केवल कोचिंग पर निर्भर नहीं करती, बल्कि मेहनत और रणनीति के साथ की गई पढ़ाई सबसे अधिक मायने रखती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीट को अपनी मानकर तैयारी करें। सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह ने छात्रों को तैयारी की रणनीति और आधुनिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी। प्राचार्य प्रो. मोहसिन हसन खान, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमरेश बहादुर पाल, डीआईओएस हरिवंश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।