पुवायां। शासन के निर्देशानुसार दस से 28 फरवरी तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान में कई विभागों के कर्मचारी सहयोग करेंगे।
यह जानकारी देते हुए पुवायां के सीएचसी अधीक्षक डॉ. आसिफ ने बताया कि अभियान के तहत बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कर्मचारी कुपोषित बच्चों का पता लगाएंगी। ज्यादा कुपोषित बच्चे मिले तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जाएगा। इस कार्य में आशा बहू भी मदद करेंगी। पंचायती राज विभाग के माध्यम से गांवों में बैठकों का आयोजन कर सफाई आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। जल निगम की ओर से नालियों की सफाई, फॉगिंग आदि की व्यवस्था होगी और शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूलों में स्पेशल क्लास लगाकर बच्चों को बीमारियों से बचाव के बारे में बताया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों में टीमें जाएंगी और दवा आदि का वितरण किया जाएगा। टीमों के पास एंटी रैबीज वैक्सीन आदि भी मौजूद रहेगी। सीएचसी में बुखार के रोगियों के लिए अलग से काउंटर बनाकर उनका लेखा जोखा रखा जाएगा। इसके अलावा 25 फरवरी से आठ मार्च तक दिमागी बुखार से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे।