दिव्यांग दंपतियों को विवाह करने पर मिलेगी दोनों को प्रोत्साहन राशि
शाहजहांपुर। प्रदेश शासन दिव्यांगों के विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें 15 से 20 हजार रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप देगा। यही नहीं, यदि पति-पत्नी दोनों शारीरिक अपंगता के शिकार होंगे तो उन्हें 35 हजार रुपये की पुरस्कार धनराशि मिलेगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी हरीश कुमार के अनुसार दिव्यांग दंपति को शादी करने पर पुरुष दिव्यांग होने की दशा में 15000 रुपये और महिला दिव्यांग होने पर 20000 रुपये दिए जाएंगे, लेकिन पति-पत्नी दोनों दिव्यांग हाने पर दंपति को 35000 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए वेबसाइट एचटीटीपी.यूपीएचडब्ल्यूडी.जीओवी.इन पर ऑनलाइन आवेदन करते समय दंपति को दिव्यांगता प्रदर्शित करने वाला नवीनतम संयुक्त फोटो, जन्म तिथि दर्शाने वाला आयु प्रमाण पत्र, सक्षम स्तर से निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र, अधिवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, बैंक का संयुक्त खाता आदि अभिलेख भी अपलोड करने होंगे। विस्तृत विवरण के लिए किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन स्थित विभागीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।