प्रधानमंत्री की रैली को एतिहासिक बनाने को घंटों मंथन
मुमुक्षु आश्रम में जुटे कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी
रैली में बूथ स्तर तक से जुटेंगे कार्यकर्ता, जिम्मेदारियां बांटीं
फोटो-07
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 जुलाई को प्रस्तावित किसान कल्याण रैली को एतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। बुधवार को मुमुक्षु आश्रम में रैली की सफलता को प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री और ब्रज क्षेत्र के प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने कई जिलों के जिलाध्यक्षों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ लंबी मंत्रणा की। बैठक में जिम्मेदारियां भी बांटी गईं।
प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि 21 जुलाई की किसान कल्याण रैली को प्रधानमंत्री रोजा मंडी के सामने रेलवे मैदान में संबोधित करेंगे। केंद्र सरकार ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बड़ा इजाफा किया है। सभी पदाधिकारियों, सांसद और विधायकों की जिम्मेदारी है कि रैली की सफलता में बूथ, सेक्टर और मंडल स्तर तक के पदाधिकारी जुट जाएं। ज्यादा से ज्यादा किसान रैली में पहुंचे इसके लिए अभी से कमर कस लें। प्रदेश उपाध्यक्ष जयेंद्र राठौर ने रैली में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह ने कहा कि सभी सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा किसानों को रैली में लाएं।
बैठक में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कृष्णाराज, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हर्ष वर्धन आर्य, अरुण सागर, बीएल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, राजशेखर वर्मा, बदायूं, बरेली, हरदोई, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर भाजपा जिलाध्यक्ष, विधायक रोशन लाल वर्मा, मानवेंद्र सिंह, चेतराम, वीर विक्रम सिंह आदि रहे।