शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू हो जाएगा। अमृत योजना के तहत होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य के लिए शासन ने पहली किस्त के रूप में 68.53 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण पर कुल 4 करोड़ 17 लाख 80 हजार रुपये खर्च होने हैं। पहली किस्त जारी करने के साथ ही तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 फरवरी को शाहजहांपुर दौरे के दौरान हनुमतधाम में आयोजित एक कार्यक्रम में शहीद उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण समेत करीब 140 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का तोहफा दिया था। शहीद उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ 5 लाख 66 हजार की कार्ययोजना थी। इसमें शासन की व्यय वित्त समिति ने 4 करोड़ 17 लाख 80 हजार रुपये को मंजूरी दी। अमृत योजना के तहत होने वाले शहीद पार्क के सौंदर्यीकरण के कुल बजट में 50 प्रतिशत केंद्रांश, 30 प्रतिशत राज्यांश और 20 प्रतिशत नगर निगम शाहजहांपुर खर्च करेगा। पहली किस्त की 75 प्रतिशत राशि खर्च होने पर दूसरी किस्त और इसी तरह तीसरी किस्त जारी की जाएगी। पहली किस्त जारी करने के साथ सौंदर्यीकरण का काम तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शहीद उद्यान पार्क का सौंदर्यीकरण अमृत योजना के तहत होना है। शासन ने पहली किस्त के रूप में 68.53 लाख रुपये जारी किए हैं। सौंदर्यीकरण जल्द शुरू करा दिया जाएगा। पहली किस्त की धनराशि का 75 प्रतिशत उपभोग होने के बाद दूसरी और इसी तरह तीसरी किस्त जारी की जाएगी। - एसके सिंह, नगर आयुक्त