फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी 100 टाइम रिस्पांस: जोन में रामपुर, रेंज में बरेली ने बाजी मारी

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। यूपी 100 के टाइम रिस्पांस मामले में बरेली जोन के नौ जिलों में रामपुर ने बाजी मारी है। बरेली दूसरे और बदायूं तीसरे नंबर पर है। शाहजहांपुर को छठा स्थान मिला है। हालांकि, बरेली रेंज में शाहजहांपुर ने तीसरा और बदायूं ने दूसरा स्थान हासिल किया है। बरेली पहले नंबर पर रहा है। मुरादाबाद रेंज में मुरादाबाद दूसरे और अमरोहा तीसरे नंबर पर है। यूपी 100 की शासन स्तर से हुई मॉनीटरिंग पर आई रिपोर्ट के बाद टाइम रिस्पांस की तस्वीर साफ हो गई है। जिन जिलों का प्रदर्शन खराब रहा है वहां हालात में सुधार की हिदायत भी दी गई है।
विज्ञापन

कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ कोई भी आपराधिक वारदात होने पर सबसे पहले मौके पर पहुंचने का जिम्मा यूपी 100 पर होता है। यूपी 100 में शामिल गाड़ियां इंटरनेट के साथ जीपीएस से भी लैस होती हैं। कॉल मिलने के बाद यूपी 100 को देहात और शहरी इलाकों में पहुंचने का समय निर्धारित है। सरकार की मंशा है कि कॉल मिलने के बाद यूपी 100 जल्द से जल्द मौके पर पहुंचे। इसके लिए समय-समय पर टाइम रिस्पांस टेस्ट लिया जाता है। हाल ही में जांचे गए टाइम रिस्पांस में पीलीभीत काफी पिछड़कर जोन में नवें और रेंज में चौथे नंबर पर पहुंच गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद 15 मिनट 18 सेंकेंड में मौके पर पहुंच कर रामपुर पहले, 15 मिनट 46 सेकेंड के साथ बरेली दूसरे नंबर पर है। 18 मिनट 35 सेकेंड में कार्रवाई के साथ जोन में बदायूं ने तीसरा और 22 मिनट आठ सेकेंड के साथ जोन में शाहजहांपुर छठे नंबर पर रहा है।
गौर करने वाली बात यह है कि बरेली जोन के नौ जिलों में टॉप थ्री में बरेली रेंज के दो बरेली, बदायूं और मुरादाबाद रेंज का एक रामपुर जिला शामिल है। जोन और रेंज में पीलीभीत सबसे खराब प्रदर्शन के साथ आखरी नवें स्थान पर है। पुलिस महकमे के सूत्रों की मानें तो सरकार यूपी 100 को और व्यापक विस्तार देना चाहती है। इस प्रोजेक्ट में जिलों के लिए अब चार पहिया वाहन भी उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है। इसी के चलते सरकार ने सभी जिलों के टाइम रिस्पांस का टेस्ट कराया है।
विज्ञापन


बरेली जोन का टाइम रिस्पांस
-----------------------
जनपद समय
-----------------------
रामपुर 15:18 सेकेंड
बरेली 15:46 सेकेंड
बदायूं 18:35 सेकेंड
मुरादाबाद 19:59 सेकेंड
अमरोहा 20:01 सेकेंड
शाहजहांपुर 22:08 सेकेंड
बिजनौर 24:29 सेकेंड
संभल 26:34 सेकेंड
पीलीभीत 26:36 सेकेंड

रेंजवार टाइम रिस्पांस
-----------------------
बरेली रेंज के जिले
जनपद समय
बरेली 15:46 सेकेंड
बदायूं 18:35 सेकेंड
शाहजहांपुर 22:08 सेकेंड
पीलीभीत 26:36 सेकेंड

मुरादाबाद रेंज के जिले
जनपद समय
रामपुर 15:18 सेकेंड
मुरादाबाद 19:59 सेकेंड
अमरोहा 20:01 सेकेंड
बिजनौर 24:29 सेकेंड
संभल 26:34 सेकेंड


इस तरह काम करती है यूपी 100
कोई कॉलर अगर 100 नंबर डायल करता है तो सीधी कॉल लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम जाती है। वहां से कॉल जिले के कांट्रोल रूम में की जाती है। यूपी 100 के वाहनों में लगे जीपीएस से लैस सभी गाड़ियां मॉनीटर पर ऑनलाइन लोकेशन पर होती है। कॉलर के नजदीक जो भी गाड़ी होती है उसको मौके पर भेजा जाता है। प्रत्येक गाड़ी में एक कमांडर, एक सब कमांडर और एक पायलट की तैनाती होती है। मौके पर पहुंचने के बाद डायल का स्टाफ आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उसे संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर देता है। इसके बाद कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस को करनी होती है। अगर कोई फर्जी कॉल करता है तो उसे भी सर्विलांस के जरिए आसानी से ट्रेस कर लिया जाता है।

यूपी 100 को व्यापक रूप देने पर हो रहा काम
शासन यूपी 100 सिस्टम को व्यापक रूप देने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत कॉलर से मिली सूचना यूपी 100 के साथ संबंधित जिलों के थानों, चौकियों और अधिकारियों को भी देने की व्यवस्था होगी। योजना है कि न्यूनतम समय में त्वरित कार्रवाई हो। कॉलर की समस्या के समाधान होने तक पुलिस कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी। शहरी इलाकों की तरह ग्रामीण इलाकों में भी कम से कम समय में पीड़ित तक सहायता पहुंचना इसमें शामिल है। इसी के चलते सरकार समय-समय पर यूपी 100 के टाइम रिस्पांस की जांच कर रही है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें