पुवायां। आधार कार्ड पर कर्ज दिलाने के नाम पर 27 लोगों से दस-दस हजार रुपये ठगने के आरोप में नामजद तहरीर दी गई है। आरोपी अब रुपये देने वालों को धमकी भी दे रहा है।
गांव भैंसटा के रामलखन ने बताया कि गांव हदीरा का एक युवक एक माह पूर्व उनसे मिला और आधार कार्ड पर तीन लाख रुपये का कर्ज दिलाने की बात कही। आरोपी ने उनसे 30 हजार रुपये का खर्च बताते हुए दस हजार रुपये पहले देने के लिए कहा। उन्होंने दस हजार रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बाद आरोपी ने अन्य लोगों को भी कर्ज दिलाने की बात कही। आरोपी की बातों में आकर उन्होंने आपने जानने वाले गांव भैंसटा के परमजीत, रमेश, दिनेश, प्रमोद, जयदीप, शिवकुमार, नन्हीं देवी, गांव कहुलापुर और पुवायां के कई लोगों से दस-दस हजार रुपये दिलवा दिए।
कुल 27 लोगों ने उन्होंने 2.70 लाख रुपये आरोपी को दिलवाए हैं। कर्ज नहीं मिलने पर उन्होंने आरोपी से रुपये वापस करने को कहा तो वह धमकी दे रहा है और रुपये वापस करने से मना कर रहा है। जिन लोगों से उसने आरोपी को रुपये दिलवाए हैं, वे उससे रुपये मांग रहे हैं। इससे वह बेहद परेशान है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।