सेहरामऊ दक्षिणी। हरदोई रोड पर स्थित ईंट भट्ठे पर रोजा थाना क्षेत्र के गांव पैतापुर निवासी जगदीश (50) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच में जहर खाने से उसकी मौत होने की बात मान रही है। मृतक की पत्नी के संदेह जताने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जगदीश अपने बेटे कुंवर सेन और पत्नी सुशीला के अतिरिक्त छोटे भाई आनंद के साथ मिलकर ईंट पथाई का काम करते थे। सोमवार सुबह साप्ताहिक खर्चा मिलने पर छोटा भाई अपनी भाभी सुशीला के साथ गांव चला गया था। जगदीश भट्ठे पर रुका था। मंगलवार सुबह देर तक जगदीश के नहीं उठने पर अन्य मजदूरों ने उसकी झोंपड़ी में जाकर जगाने का प्रयास किया। उसकी मौत की जानकारी होने पर खलबली मच गई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी अजय वर्मा ने मौका-मुआयना किया। पुलिस के अनुसार, झोंपड़ी से देसी शराब के दो पाउच और एक खाली पाउच के अलावा पुड़िया भी मिली है। सीओ सदर अमित कुमार चौरसिया के अलावा फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। मृतक की जेब से सल्फास की गोली मिली है। आशंका है कि जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि किसी बात को लेकर जहरीला पदार्थ खाने से मौत की बात प्रथमदृष्टया जांच में सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।