स्थानीय रेलवे स्टेशन पर कई घंटे चली मजिस्ट्रेट चेकिंग में सैकड़ों यात्रियों को बेटिकट पकड़ा गया। इन पकड़े यात्रियों से हजारों रुपये बतौर जुर्माना वसूले गए। चेकिंग के दौरान यात्रियों में भगदड़ मची रही। कई बेटिकट यात्रियों को आरपीएफ व जीआरपी पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा।
सोमवार की सुबह बरेली मजिस्ट्रेट छोटेलाल के निर्देशन में ट्रेनों की मजिस्ट्रेट चेकिंग लगभग छह घंटे हुई। इसमें अप व डाउन साइड की लगभग एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को रोककर चेकिंग की गई। कई बेटिकट यात्री ट्रेन से कूदकर खेतों में भाग खड़े हुए, जिन्हें आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने दौड़ाकर दबोच लिया। चेकिंग में 66 हजार दो सौ रुपये जुर्माना कर 268 यात्रियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं बेटिकट यात्रियों से 32 हजार 315 रुपये किराया वसूला गया।
रेलवे स्टेशन पर काफी समय बाद हुई चेकिंग से लोगों में हड़कंप मचा रहा और स्टेशन पर भीड़ लगी रही। चेकिंग में एसीएम दिलीप सेठ, मजिस्ट्रेट छोटेलाल, बैचलीडर एसके श्रीवास्तव, दो दर्जन टीटी व आरपीएफ, जीआरपी के जवान मौजूद रहे।