ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त रहने के कारण जिले की जिन 255 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले सके, उन्हें मंगलवार को ग्राम पंचायतों के दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए डीएम शुभ्रा सक्सेना ने ब्लॉक वार शपथ ग्रहण अधिकारी नामित किए हैं। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि ग्राम प्रधानों के शपथ पत्र तीन मार्च तक डीपीआरओ को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। एक मार्च को संबंधित ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने के साथ ग्राम पंचायत की पहली बैठक भी करने को कहा है। बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत मतदान और मतगणना होने तक जिले की 1077 में 255 ऐसी ग्राम पंचायतें शेष बच गई थीं, जहां ग्राम पंचायत सदस्यों के 2747 पद रिक्त रह गए थे। बीते सोमवार को हुए दूसरे दौर के मतदान में ग्राम पंचायत सदस्य के 140 पदों के लिए वोट डाले गए।