शाहजहांपुर/जलालाबाद। बिजली का लोड ज्यादा बताकर 25 हजार रुपये लेने और शिकायत करने पर करीब पांच लाख का जुर्माना लगा देने का आरोप एसडीओ पीसी सागर पर लगा है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार मंगलम की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा ने जांच शुरू करा दी है।
भाजपा नेता ने अधीक्षण अभियंता को भेजे शिकायती पत्र में कहा था कि कुछ दिन पहले बिजली निगम के एसडीओ उनके बेटे डॉ. अनुराग गुप्ता के याकूबपुर तिराहे पर संचालित नर्सिंग होम पहुंचे। अगस्त में उनके यहां बिजली का लोड ज्यादा होने की बात कहते हुए तीन लाख 95 हजार का बिल दे दिया।
साथ ही कहा कि आकर मिल लेना। आरोप है कि बेटे के मिलने पर एसडीओ ने बिल ठीक कराने के लिए सवा लाख रुपये देने की मांग की। बेटे ने उन्हें 25 हजार रुपये दे दिए और बाकी रुपये बाद में देने को कहा। बताया कि इसके बाद एसडीओ ने 93,471 रुपये की बिल की दूसरी प्रति दे दी। इसकी जानकारी होने पर भाजपा नेता ने शिकायत सांसद अरुण सागर से की। सांसद के हस्तक्षेप पर एसडीओ ने 35,478 का बिल दिया। इसे जमा करवा दिया। बताया कि सांसद से शिकायत कर देने से एसडीओ नाराज हो गए और उनके बेटे पर बिजली ओवर लोड के चलते करीब पांच लाख रुपयों का जुर्माना लगा दिया। भाजपा नेता ने मामले की शिकायत अधीक्षण अभियंता से कर न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-भाजपा नेता ने जलालाबाद के एसडीओ पीसी सागर के खिलाफ लिखित शिकायत की है। मामले की जांच के लिए तीन अधिशासी अभियंताओं की कमेटी गठित कर दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जेपी वर्मा, एसई
-एक किलोवाट के कनेक्शन पर अस्पताल का संचालन हो रहा था। चेकिंग में रीडिंग स्टोर मिली थी। डिमांड भी ज्यादा थी। जेई ने चेकिंग रिपोर्ट भरकर दी थी। उसी के आधार पर बिल बनाया है। उनके ऊपर लगे आरोप निराधार हैं। नियम के अनुसार कार्रवाई की गई।
पीसी सागर, एसडीओ