केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 24 मई को पुवायां आकर पीलीभीत के पूरनपुर से खीरी के मैगलगंज तक बनने वाले नेशनल हाइवे 730ए का शिलान्यास करेंगे। पीडब्लूडी के अधिकारियों ने हेलीपैड बनाए जाने के लिए कई स्थानों का निरीक्षण किया। पुवायां मोहम्मदी मार्ग के पास वाले मैदान को हेलीपैड के लिए उपयुक्त पाया गया है। पीडब्लूडी बरेली राष्ट्रीय मार्ग निर्माण खंड के सहायक अभियंता पीपी वर्मा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 24 मई को पुवायां आ रहे हैं। वह राष्ट्रीय मार्ग 730 ए के किमी 50.675 से 105.500 तक के भाग में सिंगल लेन मार्ग को चौड़ीकरण कर टू लेन पेव शोल्डर सहित निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। बताते चलें कि पूरनपुर से मैगलगंज तक बनने वाले मार्ग का पहले भी शिलान्यास कराए जाने की तिथि तय हुई थी, लेकिन एमएलसी चुनाव की अधिसूचना जारी होने के कारण नितिन गडकरी का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। शिलान्यास के साथ ही केंद्रीय मंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हेलीपैड के लिए कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल के सामने मैदान का निरीक्षण कर इसे उपयुक्त पाया गया। सहायक अभियंता के साथ निरीक्षण के समय भाजपा नेता सत्यभान सिंह भदौरिया, पंकेश मिश्रा, गंगाराम मिश्रा, शिव शर्मा, जेडी मिश्रा, अवनीश सिंह, मुनेश मिश्रा, रमेशचंद्र मिश्रा, विमलेश गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे। नेताओं ने नितिन गडकरी के कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में भी चर्चा की।