शाहजहांपुर। अप सुपरफास्ट जनसाधारण एक्सप्रेस रविवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। दरअसल, रोजा में अप लाइन पर रेलवे गेट नंबर 318 के पास ट्रेन से सांड़ टकरा गया। गनीमत रही कि इससे इंजन क्षतिग्रस्त नहीं हुआ। लोको पायलट की सूझबूझ से हादसा बच गया।
अप सुपरफास्ट जनसाधारण एक्सप्रेस रविवार तड़के करीब 5:35 बजे रोजा जंक्शन के गेट नंबर 318 को क्रॉस कर रही थी। ट्रेन पूरी स्पीड में थी। इस दौरान ट्रैक पर सांड़ इंजन से टकरा गया। सांड़ टकराकर डाउन लाइन पर जा गिरा। गनीमत रही कि जनसाधारण एक्सप्रेस को नुकसान नहीं पहुंचा। ट्रेन के स्टाफ ने इसकी सूचना पावर केबिन को दी। आनन-फानन में रेल का गैंग मौके पर पहुंच गया। इसी दौरान यहां पहुंची दूरंतो एक्सप्रेस को गेट नंबर 318 के पास कुछ देर के लिए ठहराव देना पड़ा। इसके पीछे आ रही चंडीगढ़ एक्सप्रेस को आईबीएस सिग्नल पर रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक डाउन लाइन पर रेल यातायात प्रभावित रहा। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि ट्रैक साफ कर ट्रेनों का संचालन कुछ ही देर में सामान्य कर दिया गया।