बाराबंकी में लाठी चार्ज के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन
शाहजहांपुर। बाराबंकी में वकीलों पर हुए लाठी चार्ज की घटना के विरोध में मंगलवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने जजी कचहरी में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पूरे दिन अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। इसका खामियाजा वादकारियों को भुगतना पड़ा।
इस मौके पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरारीलाल राजपूत ने कहा कि बाराबंकी में पुलिस ने वहां के अधिवक्ताओं के ऊपर जो बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि इस मामले में यहां के सभी वकील बाराबंकी अधिवक्ताओं के साथ हैं। न्याय की लड़ाई कंधे से कंधा मिलाकर लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में सभी एक हैं। वहीं सुबह से ही अधिवक्ताओं के हड़ताल पर चले जाने के कारण किसी भी वकील ने कोई भी न्यायिक कार्य नहीं किया। इस वजह से दूर-दराज से आए वादकारियों को निराश होकर लौटना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान संयुक्त मंत्री राजीव मिश्रा, संजय सक्सेना, वारिस अली मंसूरी, रामनिवास राठौर, प्रमोद पांडेय, सुहेल मुनव्वर खां, दीप कुमार गुप्ता, फूल चंद्र वर्मा, अरुण कुमार आदि अधिवक्ता शामिल रहे।