शाहजहांपुर। स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2017 की नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन रविवार को शहर की नगरपालिका परिषद से अध्यक्ष पद का कोई नामांकन नहीं हुआ, लेकिन जिले के बाकी निकायों में दस लोगों ने चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवारी के पर्चे दाखिल किए। इस बीच, नगर पंचायत कांट को छोड़कर अन्य सभी नौ निकायों में वार्ड सदस्य के लिए 119 लोगों ने नामांकन कराया।
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कराने वालों में जलालाबाद नगरपालिका परिषद से शकील खां, तिलहर से निवर्तमान चेयरमैन इमरान खां की पत्नी हाजरा बेगम, दिलशाद मंसूरी व सगीर अहमद, पुवायां से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता, रोजा नगर पंचायत से नीतू, खुदागंज से बसपा प्रत्याशी मोहम्मद ताहिर, नूरजहां व उजमा बेेगम और खुटार नगर पंचायत से मैनुद्दीन शामिल रहे।
इनमें से पुवायां के डॉ. सुधीर गुप्ता और जलालाबाद के शकील खां ने नामांकन के दोेहरे सेट जमा किए। कांट, अल्हागंज और कटरा नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद का कोई दावेदार संबंधित आरओ के पास नहीं पहुंचा। इस बीच, वार्ड सदस्य के नामांकन कराने वालों के बीच होड़ जैसी लगी रही। वार्ड सदस्य के सर्वाधिक 38 पर्चे शहर की नगरपालिका परिषद के लिए दाखिल किए गए। कांट नगर पंचायत के वार्ड सदस्य के लिए भी किसी ने नामांकन नहीं कराया।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/ प्रभारी पंचस्थानीय चुनावालय सरोज कुमार के अनुसार वार्ड सदस्य के लिए जलालाबाद नगरपालिका परिषद से 16, तिलहर से 20, पुवायां से 11, रोजा व अल्हागंज नगर पंचायत से दो-दो, कटरा से 18, खुदागंज से पांच और खुटार नगर पंचायत से सात लोगों ने नामांकन कराया।
पुवायां में बिके 12 नामांकन पत्र
पुवायां। यहांनामांकन प्रक्रिया जारी रहने के दौरान 12 अन्य लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन स्थल पर एसडीएम मोइनुल इस्लाम, सीओ मंगल सिंह रावत, तहसीलदार केएम दीक्षित आदि मौजूद रहे।
तिलहर में खरीदे गए 18 नामांकन पत्र
तिलहर। निकाय चुनाव के लिए पांचवें दिन की नामांकन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। इस दौरान कटरा नगर पंचायत के लिए 12 और खुदागंज नगर पंचायत के लिए छह नामांकन पत्र खरीदे गए।