शाहजहांपुर। बम निरोधक दस्ता ने शनिवार को डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा छान मारा। इस दौरान पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की गई। लखनऊ से आई टीम ने आरपीएफ और जीआरपी के साथ दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लिया। बड़े स्तर पर सुरक्षा पड़ताल को देखकर लोग भी हैरत में पड़े रहे।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रोज 104 रेलगाड़ियों का ठहराव होता है। सुरक्षा के लिहाज से यहां आरपीएफ ओर जीआरपी मुस्तैद है। रोज हजारों की संख्या में यहां से यात्रियों का आना-जाना होता है। शनिवार को लखनऊ से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड यहां पहुंची। इंस्पेक्टर आरपीएफ एसपी सिंह और एसओ जीआरपी छत्रपाल सिंह के साथ दोनों टीमों ने पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच की। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की भी आधुनिक उपकरणों से जांच की गई। इसके साथ ही पार्सल घर में भी चप्पा-चप्पा खंगाला गया। इस दौरान कुछ खास नहीं मिला। स्टेशन परिसर में तलाशी के बाद लखनऊ से आए अधिकारियों ने आरपीएफ और जीआरपी के साथ सुरक्षा को लेकर ज्वाइंट बैठक कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली। बैठक में त्योहार के मद्देनजर स्टेशन पर पहुंचने वाले संदिग्धों पर पैनी नजर रखने का निर्णय लिया गया। इंस्पेक्टर आरपीएफ आरपी सिंह के मुताबिक सुरक्षा जांच में सब कुछ ठीक-ठाक पाया गया है। त्यौहारों के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी स्टेशन पर रोज संयुक्त अभियान चलाकर चेकिंग करेगी।