शाहजहांपुर। अभिव्यक्ति नाट्य मंच के बैनर तले चतुर्थ शाहजहांपुर रंग महोत्सव इस बार15 दिसंबर से शुरू होगा। पहले दिन स्थानीय टीमों के बीच मुकाबला होगा, जिसमें से चयनित टीमों को अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों के संबंध में आयोजन मंडल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और महासचिव शमीम आजाद ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रंग महोत्सव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। महोत्सव में नई दिल्ली, कोलकाता, मणिपुर, आसाम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान आदि से लगभग 30 टीमों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें से अधिकांश टीमों के आने की स्वीकृति भी मिल चुकी है। महोत्सव में हिंदी के अलावा असमियां, बंगला आदि भाषाओं के नाटक भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे।
गांधी भवन में 15 से 19 दिसंबर तक चलने वाला रंग महोत्सव काकोरी कांड के अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठा. रोशन सिंह को समर्पित रहेगा। अंतिम दिन शहीद दिवस पर नगर में भव्य रंगयात्रा निकाली जाएगी। प्रतियोगिता में नाटक के अलावा लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, फ्यूजन डांस को भी शामिल किया गया है। सभी विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नगद राशि भी बतौर पुरस्कार दी जाएगी। महोत्सव के लिए गठित आयोजन समिति में संजय राठौर, विनीत सिंह, अरविंद चोला, संजीव गुप्ता, अतीक रहमान, संजय डोनाल्ड, अजय मोहन शुक्ला, साहिल इकबाल, अनिल राठौर, विपिन मौर्या, एसके कनौजिया, सुधीर राठौर आदि शामिल हैं।