शाहजहांपुर। जिला कारागार के एक बंदी की अचानक हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे हॉयरसेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। घरवालों के मुताबिक जेल अस्पताल में इलाज करने में लापरवाही बरती गई।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के बंगला नंबर सात रौसरकोठी निवासी 32 वर्षीय संतोष सिंह पुत्र हरिभान सिंह को वर्ष 2016 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में रामचंद्र मिशन पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में बंद रहने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल के अस्पताल में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिसमें बताया कि उसके शरीर के आधे हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है। जिला अस्पताल भेजने के बाद उसके घरवालों को भी जानकारी दी गई। जिला अस्पताल पहुंचे घरवालों ने संतोष के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कारागार में सही तरह से इलाज नहीं किया गया, इस वजह संतोष की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।