संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को गांधी भवन प्रेक्षागृह में सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियां निभाने और आवंटित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में 2602 मतदान केंद्रों के लिए 209 सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं। इनमें कटरा में 35, जलालाबाद में 35, तिलहर में 32, पुवायां में 42, शाहजहांपुर में 32 और ददरौल में 33 सेक्टर ऑफिसर शामिल हैं।
डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण करें और ऐसा रूट निर्धारित करें, जिससे अधिकतम दो घंटे में सभी केंद्रों का भ्रमण हो सके। मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, शौचालय, बिजली और फर्नीचर जैसी न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची जाए। जर्जर विद्यालय भवन मिलने पर संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को सूचना देकर मतदान केंद्र बदलने की कार्रवाई कराई जाए।
एसपी सौरभ दीक्षित ने संवेदनशील क्षेत्रों की निष्पक्ष वल्नरेबिलिटी मैपिंग करने और किसी दबाव या पूर्वाग्रह में आए बिना जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर और पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम न्यायिक मो. आवेश, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।